निजाम खान। अबुआ नेटवर्क टीवी
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में पीएम पोषण योजना की जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में जिले के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के संचालन, बच्चों की उपस्थिति, एसएमएस रिपोर्टिंग, आईएफए एवं एल्बेंडाजॉल गोली वितरण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि पीएम पोषण योजना बच्चों को शिक्षा के साथ उचित पोषण उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने विद्यालयों में मीनू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। योजना के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आवंटित खाद्यान्न का स्कूल स्टेप डिलीवरी के माध्यम से समय पर उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बीईईओ और सीआरपी को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता जांचने को कहा गया।
जगुवाडीह प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम बंद रहने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच दल से शीघ्र रिपोर्ट मांगी गई। दोषियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बैठक में रसोइयों के लंबित मानदेय, स्वास्थ्य संबंधी दवाओं के वितरण समेत अन्य मुद्दों की भी समीक्षा हुई।








