अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ जामताड़ा ने मनाया शिक्षक दिवस
जामताड़ा: अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, जामताड़ा के तत्वावधान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय गायछांद के प्रांगण में शिक्षक दिवस सादगी एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाए जाने के उद्देश्य तथा वर्तमान समय में शिक्षक की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षिका गायत्री चौधरी तथा सेवानिवृत्त शिक्षक विशेश्वर सिंह, रामचंद्र प्रसाद एवं विपिन कुमार मंडल को चादर एवं गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, संथाल परगना प्रमंडल के प्रमंडलीय राज्य उपाध्यक्ष वाल्मीकि कुमार, जिला अध्यक्ष महेश्वर घोष, जिला महासचिव हरि प्रसाद राम, वरीय उपाध्यक्ष राकेश कांत रौशन, संगठन मंत्री द्वारिका राम, संयुक्त सचिव संजय प्रसाद सिंह एवं राजेश कुमार सिन्हा के साथ संघ के प्रवक्ता दिनेश करमाली, अजय कुमार सिंह, रंजीत कुमार, सैय्यद इमाम, सुधीर दास, मुकेश शर्मा, धर्मवीर भारती, प्रियंका मिश्रा, महेंद्र प्रसाद चौधरी, कल्याणी राय, प्रीति कुमार रविकर, शिव शंकर मंडल, संजय साह, रंजन कुमार, उदय नारायण प्रसाद, परिमल मंडल, अरुण कुमार चाँद एवं खुर्शीद अनवर सहित अन्य शिक्षक एवं संघ के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।
अंत में शिक्षक विद्या सागर ने प्रेरणा गीत के द्वारा कार्यक्रम का भावपूर्ण समापन किया।








