1 अक्टूबर से लागू होगी स्मार्ट-पीडीएस व्यवस्था
जामताड़ा जिले में राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए 1 अक्टूबर 2026 से स्मार्ट-पीडीएस व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत छह माह से राशन का उठाव नहीं करने वाले राशन कार्डों को ‘साइलेंट कार्ड’ के रूप में चिह्नित कर निष्क्रिय किया जाएगा। वहीं, आधार मिलान में पाए जाने वाले डुप्लीकेट लाभार्थियों को भी अस्थायी रूप से निष्क्रिय किया जाएगा।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश के अनुसार साइलेंट राशन कार्डों की पहचान प्रत्येक माह की 21 तारीख को होगी और अगले माह की 1 तारीख से उन्हें निष्क्रिय कर दिया जाएगा। ऐसे कार्डधारकों को ई-केवाईसी और भौतिक सत्यापन के लिए तीन माह का समय मिलेगा। निर्धारित अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर कार्ड स्थायी रूप से निरस्त किया जा सकता है।
डुप्लीकेट लाभार्थियों की जानकारी परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थी को एक ही वैध राशन कार्ड में सक्रिय रखा जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी कार्डधारकों से अपील की है कि वे निकटतम पीडीएस दुकान या प्रज्ञा केंद्र पहुंचकर समय रहते ई-केवाईसी करा लें, ताकि राशन मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।








