पीएम-कुसुम योजना से किसानों को मिलेगा सोलर पंप, आवेदनों की होगी जांच
जामताड़ा : पीएम-कुसुम योजना के तहत किसानों को सोलर पंपसेट उपलब्ध कराने को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों तक योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
प्राप्त आवेदनों को प्रखंड स्तर से आवश्यक अनुशंसा के साथ दोबारा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रखंडवार आवेदनों में से कुछ का रैंडम चयन कर बिजली एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से संयुक्त जांच कराने को कहा गया, ताकि वास्तविक लाभुकों का सत्यापन हो सके।
बैठक में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर करने का निर्देश भी दिया गया। किसानों को योजना की पात्रता, प्रावधान और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
योजना के तहत किसानों को करीब 96-97 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। 2 एचपी पंप के लिए किसान अंशदान 5 हजार, 3 एचपी के लिए 7 हजार और 5 एचपी पंप के लिए 10 हजार रुपये निर्धारित है।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास सिंचाई का जल स्रोत होना जरूरी है। बिजली आधारित सिंचाई सुविधा वाले, पहले सोलर पंप प्राप्त कर चुके किसान तथा एक परिवार से एक से अधिक आवेदक पात्र नहीं होंगे। सोलर पंप से सिंचाई लागत घटने और किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है। बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








