धूमधाम से मना भगवान महावीर जी का जन्मोत्सव, निकाली गई धार्मिक पदयात्रा
कुंडहित
प्रखंड मुख्यालय सहित क्षेत्र के जैन धर्मावलंबियों द्वारा आठ दिवसीय पर्यूषण कार्यक्रम के छठे दिन रविवार को भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। भगवान महावीर जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को कुंडहित जैन मंदिर से एक धार्मिक पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा कुंडहित जैन मंदिर से गाजे- बाजे के साथ निकालकर पुराना बैंक मोड़ होते हुए बस पड़ाव तक रैली की गई। इस दौरान रैली में उपस्थित जैन धर्मावलंबियों द्वारा भगवान महावीर स्वामी की जय जयकार की जा रही थी। बस पड़ाव से लौटकर रैली पुनः मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचकर भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर पारंपरिक तरीके से पूजा अर्चना की गई। इस दौरान यशु भाई, अविश भाई, नीरज भाई, मीरा बहन, भूमि बहन, अदिति बहन आदि ने बताया भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव पर 14 स्वप्न का दर्शन होता है। यह 14 स्वप्न भगवान की माता को भगवान के जन्म के पहले आए थे। ठीक उसके बाद भगवान का जन्म हुआ। तभी भगवान महावीर के माता ने भगवान को पालने मे झुलाया था। तभी से आज का दिन प्रत्येक जैन मंदिर में भगवान को पालने में झुलाया और 14 स्वप्न का दर्शन किया जाता है। उन्होंने कहा ऐसी एक मान्यता है कि विवाहित महिला एवं पुरुष के बच्चे नहीं होने पर वह पालने को अपने घर ले जाकर भक्ति भाव से पूजने पर उनके मनोकामना पूर्ण होता है। मौके पर कुंडहित के जैन धर्मावलंबी थे।








