बारिश को लेकर जामताड़ा उपायुक्त ने जारी की एडवाइजरी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
जामताड़ा। जिले में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने जिलेवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए उपायुक्त ने लोगों से एहतियात बरतने और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, ग्रामीण कार्य प्रमंडल एवं पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं तथा नगर निकायों के पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
एडवाइजरी में लोगों को नदी, नाले, अंडरपास, जलभराव वाले निचले इलाकों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान वाहन चलाने से बचने तथा बाढ़ वाली सड़क को पार नहीं करने की अपील की गई है। बिजली के टूटे तारों से दूर रहने, घर के अंदर जनरेटर का उपयोग नहीं करने और बाढ़ के पानी में तैरने से बचने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और सुरक्षित रहने की अपील की है।








