प्रज्ञा केंद्रों में रेट चार्ट अनिवार्य, निष्क्रिय केंद्रों को फिर शुरू करने का निर्देश
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रज्ञा केंद्र, झारसेवा पोर्टल, आईआरएडी, यूआईडीएआई, डिजिटल पंचायत, संचार मीनार समेत विभिन्न डिजिटल सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को सभी प्रज्ञा केंद्रों में निर्धारित सेवाओं और शुल्क से संबंधित रेट चार्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने का निर्देश दिया गया। निष्क्रिय प्रज्ञा केंद्रों को दोबारा शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने या रेट चार्ट प्रदर्शित नहीं करने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
झारसेवा पोर्टल की समीक्षा के दौरान लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने तथा जाति, आय, आवासीय और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्रों के आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर समय पर प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी आईआरएडी/ई-डार पोर्टल पर समय पर अपलोड करने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन और एनआईसी के बीच समन्वय पर जोर दिया गया। डिजिटल पंचायतों में बाधित भारतनेट कनेक्टिविटी को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में डिजिटल लाइब्रेरी, विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की गई।








