अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित
जामताड़ा: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को उदलबनी स्थित वृद्धाश्रम में जिला प्रशासन की ओर से सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ ने किया।
इस अवसर पर वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही योगाभ्यास कराया गया और जरूरतमंद वृद्धजनों के बीच आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके अलावा भोजन सामग्री एवं दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के समाधान और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मौके पर वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से संदेश दिया गया कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। वृद्धजनों का सम्मान और उनकी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।








