स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कुंडहित में चला सफाई अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में साफ-सफाई, स्वच्छता शपथ और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कुंडहित ग्राम पंचायत स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरिधारी महतो ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पंचायत की जल सहियाओं बेबी रानी नायक, टुप्मा पाल, सरला मुर्मू, रेखा किस्कू, पूर्णिमा सिंह, सैयदा बीबी एवं पानमुनी मुर्मू ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
प्रधानाध्यापक ने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।
इसके अलावा जलालपुर, इंद्रपहाड़ी, महुला, गायपाथर, शंकरपुर, बनकटी सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी जल सहियाओं ने सफाई अभियान, शपथ ग्रहण एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड वॉश समन्वयक मो. रफिक हुसैन एवं स्वच्छताग्राही आशीष गोप ने किया।








