गांधी जयंती पर जामताड़ा में अधिकारियों ने किया माल्यार्पण, बापू के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
जामताड़ा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जामताड़ा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला नियंत्रण कक्ष के समीप स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह समेत जिले के वरीय अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर पूरी दुनिया को नई दिशा दी। उनका जीवन सत्य, सेवा, त्याग और अनुशासन की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता, सादगी और ईमानदारी को जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। इसी कारण उनके जन्मदिवस को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
वहीं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि गांधीजी के अहिंसा, सद्भावना, सह-अस्तित्व और आपसी सहयोग के विचार सदैव प्रासंगिक रहेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार समेत कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।








