दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट मोड में जामताड़ा प्रशासन, कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
जामताड़ा: आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, निगरानी व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के साथ आसूचना तंत्र को मजबूत रखना जरूरी है। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल मिल सके।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश दिए।
मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।








