श्रम योजनाओं के व्यापक प्रचार और आईटीआई छात्रों के शत-प्रतिशत प्लेसमेंट पर जोर
रिपोर्ट: निजाम खान
जामताड़ा: समाहरणालय कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में श्रम एवं आईटीआई विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान श्रम विभाग द्वारा संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, प्रवासी मजदूरों के निबंधन तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा बाल श्रम के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में कम पारिश्रमिक मिलने संबंधी शिकायतों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई और आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
आईटीआई संस्थानों की समीक्षा में नामांकन, छात्रावास, प्रशिक्षण सुविधाओं एवं प्लेसमेंट की स्थिति पर चर्चा हुई। बताया गया कि करमाटांड़ आईटीआई में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध है, जबकि जामताड़ा आईटीआई में इसकी व्यवस्था नहीं है। उपायुक्त ने भवन मरम्मत, गार्ड रूम निर्माण और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के शत-प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए नियोजन कार्यालय, स्थानीय उद्योगों और प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।








