पर्यटन स्थलों के विकास, खेल अवसंरचना और जिला योजना कार्यों की समीक्षा
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में पर्यटन एवं खेल विभाग तथा जिला योजना कार्यालय की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों, ट्रैकिंग रूटों और विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने लादना डैम के विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा पार्क के बेहतर रखरखाव के लिए नियमानुसार निजी एजेंसी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी निविदा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
खेल विभाग की समीक्षा में बताया गया कि तीन प्रस्तावित स्टेडियमों में से दो का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि एक स्टेडियम का कार्य भूमि संबंधी कारणों से प्रभावित है। उपायुक्त ने निर्माण पूर्ण कर चुके प्रखंड स्तरीय स्टेडियमों को शीघ्र हस्तगत कराने तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
जिला योजना कार्यालय की समीक्षा में विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का आकलन किया गया। उपायुक्त ने योजनाओं के चयन में पारदर्शिता बरतने, डुप्लीकेसी रोकने तथा आमजन के हित को प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








