दिशा बैठक के अनुपालन की समीक्षा, उपायुक्त ने मांगा तथ्यात्मक प्रतिवेदन
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत अनुपालन प्रतिवेदनों और अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता, राजस्व, भू-अर्जन, पथ निर्माण, समाज कल्याण, ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य, एनआरईपी, पशुपालन, विद्युत, वन, खनन, शिक्षा तथा नगर पंचायत जामताड़ा सहित अन्य विभागों के कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कई विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदनों पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को समुचित डेटा और तथ्यों के साथ वास्तविक एवं समन्वित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों के प्रतिवेदन संतोषजनक नहीं हैं, वे तत्काल संशोधित रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं और लंबित मामलों की प्रगति पर भी चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।








