मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
रिपोर्ट:निजाम खान
फतेहपुर/जामताड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की। मंडल अध्यक्ष संजय मंडल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल भारतीय राजनीति के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने कई ऐसे निर्णय लिए हैं, जिन्होंने देश की राजनीति, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास की दिशा को नई पहचान दी है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, जीएसटी लागू करने, नागरिक सेवाओं के डिजिटलीकरण, यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, कोविड-19 टीकाकरण अभियान तथा आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और मातृशक्ति ने कहा कि 12 वर्ष पूर्व नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाया था। उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और 21वीं सदी की प्रमुख शक्तियों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।








