राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन ने पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी कि जिले में 28 से 30 जून 2026 तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 28 हजार 55 बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में अभियान की तैयारियों, माइक्रोप्लान, लॉजिस्टिक व्यवस्था, वैक्सीन उपलब्धता एवं कोल्ड चेन प्रबंधन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि लक्षित सभी बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने अभियान के पहले दिन बूथ स्तर पर अधिकतम बच्चों को खुराक दिलाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिले में अभियान के लिए कुल 906 बूथ बनाए गए हैं। साथ ही सुपरवाइजर, ट्रांजिट टीम एवं मॉनिटरिंग टीमों की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जिला पोलियो के दृष्टिकोण से लो-रिस्क जोन में है तथा वर्तमान में कोई पोलियो मामला दर्ज नहीं है।








