जामताड़ा में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण
निजाम खान
जामताड़ा: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) का कार्य जामताड़ा जिले में शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। यह कार्य राज्यभर में 16 मई से 14 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। सीएमएमएस पोर्टल पर 12 जून को प्रदर्शित प्रगति के अनुसार जामताड़ा जिले ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है।
इस उपलब्धि पर जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के निदेशक ने उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आलोक कुमार को शुभकामनाएं देते हुए जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। निदेशालय ने कहा कि प्रभावी योजना, सतत निगरानी और प्रशासनिक तत्परता के कारण जामताड़ा राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हुआ है, जिसने निर्धारित समयसीमा के भीतर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया।
उपायुक्त आलोक कुमार ने इस उपलब्धि के लिए जनगणना कार्य से जुड़े सभी वरीय पदाधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों, तकनीकी सहायकों तथा अन्य कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है। साथ ही उन्होंने आगामी चरणों में भी इसी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।








