दिशा समिति की बैठक के कारण 13 जून को पंचायतों में जांच अभियान रहेगा स्थगित
निजाम खान
जामताड़ा: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की प्रस्तावित बैठक के मद्देनजर 13 जून 2026 (शनिवार) को जिले के विभिन्न पंचायतों में प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाला जांच अभियान स्थगित रहेगा। यह अभियान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के सशक्त पर्यवेक्षण, नियमित अनुश्रवण तथा जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार दिशा समिति की बैठक को देखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को जांच अभियान में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके कारण निर्धारित तिथि पर पंचायतों में योजनाओं की जांच एवं निरीक्षण की प्रक्रिया नहीं होगी। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि अभियान केवल एक दिन के लिए स्थगित किया गया है और 20 जून 2026 से पूर्ववत जिले के सभी पंचायतों में संचालित किया जाएगा।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने सभी वरीय अधिकारियों एवं सहयोगी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 13 जून को प्रस्तावित जांच अभियान को अपनी सुविधा के अनुसार किसी अन्य तिथि में संपन्न कर उसकी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने कहा है कि योजनाओं की निगरानी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।








