50% अनुदान पर धान बीज का वितरण, 25 किसानों को मिला लाभ
निजाम खान
जामताड़ा: कुडहित लैंप्स परिसर में किसानों के बीच धान बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फीता काट कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। यह वितरण कृषि विभाग की योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान दर पर किया गया, जिससे क्षेत्र के किसानों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के दौरान लगभग 25 किसानों के बीच धान बीज का वितरण किया गया।
मौके पर उपस्थित प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनोरंजन मिर्धा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए समय पर बीज प्राप्त करना और उसकी बुआई करना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति (जेरॉक्स) जमा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष ऑफिसर हेंब्रम, विधायक प्रतिनिधि श्रम मंडल, लैंप्स की अध्यक्षा संतोषी हेंब्रम तथा सुधीर हेंब्रम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद थे और उन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना की। किसानों ने कहा कि अनुदानित दर पर गुणवत्तापूर्ण धान बीज मिलने से खेती की लागत कम होगी तथा बेहतर उपज प्राप्त करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।








