जामताड़ा में 124 झारखंड आंदोलनकारियों को मिला सम्मान, प्रमाण पत्र और शॉल देकर किया गया सम्मानित
निजाम खान
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने जिले के 124 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्षों के आंदोलन, जेल यात्राओं और लगातार प्रयासों के बाद झारखंड को उसकी अलग पहचान मिली। उन्होंने झारखंड आंदोलन के सभी ज्ञात और दिवंगत सेनानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को राज्य के इतिहास की अमूल्य धरोहर बताया।
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि झारखंड केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य नहीं, बल्कि संघर्ष, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक विरासत की धरती है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों का योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और युवाओं को झारखंड आंदोलन के इतिहास से जोड़ना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार ने भी आंदोलनकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की अलग पहचान उनके संघर्षों की देन है। समारोह में आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित रहे।








