अबुआ जाति-निवासी प्रमाण पत्र अभियान के तहत विशेष शिविर, लाभुकों के बीच टोटो का वितरण
निजाम खान
दुमका: दुमका प्रखंड अंतर्गत राजबांध पंचायत के फुटबॉल मैदान में अबुआ जाति-निवासी प्रमाण पत्र अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक बसंत सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बसंत सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को पंचायत और गांव स्तर पर ही जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 6 जून से शुरू हुआ यह अभियान 20 जून तक चलेगा तथा जिले के सभी पंचायतों में विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रखंड कार्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब प्रशासन गांव तक पहुंचकर यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है, जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि जाति और निवासी प्रमाण पत्र पात्र नागरिकों का अधिकार है तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए इसकी आवश्यकता होती है। जिला प्रशासन लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों के लिए संचालित “आपनार आतो कामी” कार्यक्रम की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। वहीं स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को टोटो वाहन सौंपे गए। मौके पर उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी दुमका सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।








