26 जून तक जिलेभर में चलेगा विशेष नशामुक्ति जागरूकता अभियान
जामताड़ा: निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी पर रोक लगाने तथा आमजन को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में विशेष नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देशानुसार यह राज्यव्यापी जागरूकता अभियान आगामी 26 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत विभिन्न हाट-बाजारों, विद्यालयों, चौक-चौराहों और ग्रामीण क्षेत्रों में एलईडी वैन, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, बुकलेट तथा ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जागरूकता अभियान के दौरान कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति भी की जा रही है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से नशे के खिलाफ जनजागरण को मजबूत बनाया जाए और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके।








