नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने में मीडिया की भूमिका अहम : कार्यशाला आयोजित
जामताड़ा: निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को सूचना भवन, जामताड़ा में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने की।
कार्यशाला में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, इसके सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कहा गया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे युवाओं को बचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता आवश्यक है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने कहा कि मीडिया समाज को जागरूक करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से अपने-अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यशाला में उपस्थित मीडिया कर्मियों एवं सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने भी नशा मुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क कार्यालय के कर्मी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।








