30 जून से मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर जामताड़ा में जनजागरूकता व सोशल मीडिया अभियान
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 30 जून से जिले में जनजागरूकता अभियान की शुरुआत होगी। इसी दिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक दो घंटे का सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने अभियान के सफल संचालन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। इसके लिए 29 जून को जिले के सभी उच्च विद्यालयों, प्लस-टू विद्यालयों और महाविद्यालयों में ईएलसी (यंग वोटर, फ्यूचर वोटर) के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों में एसआईआर की जानकारी, मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री का पाठ, वीडियो प्रदर्शन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण संबंधी जानकारी दी जाएगी। साथ ही 30 जून को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर #JharkhandSIR के साथ जागरूकता संबंधी पोस्ट साझा करने और @dcjamtara व @Deo_Jamtara को टैग करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।








