जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के नगरी पंचायत सभागार में सोमवार को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए।शिविर में सबसे अधिक आवास योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के लिए 105 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के लिए 12-12 आवेदन जमा किए गए। स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित 3 आवेदन, बाल विकास परियोजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए 4 आवेदन, मनरेगा के तहत नया जॉब कार्ड बनाने के लिए 6 आवेदन, पंचायती राज विभाग में नई योजना से संबंधित 2 आवेदन तथा मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए 1 आवेदन प्राप्त हुआ। वहीं कल्याण विभाग, अंचल कार्यालय, पशुपालन विभाग, जेएसएलपीएस एवं बिजली विभाग में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। शिविर में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा उपस्थित रहे। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, पंचायत सचिव, मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित थे।








