कृषि योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ किसानों तक पहुंचाएं : उपायुक्त
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में मंगलवार को कृषि, उद्यान, आत्मा एवं भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान वार्षिक कृषि योजना, बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य जांच, समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना, कृषक पाठशाला, फसल सुरक्षा कार्यक्रम, अम्लीय मृदा सुधार, उर्वरकों की उपलब्धता, कृषि मेला तथा उद्यान एवं भूमि संरक्षण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से किया जाए तथा योग्य किसानों को समय पर लाभ मिले। बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यशालाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान तालाब जीर्णोद्धार, पंपसेट वितरण, डीप बोरिंग, पार्कोलेशन टैंक और ट्रैक्टर वितरण जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा पात्र लाभुकों का चयन विभागीय मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।








