दो दिवसीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की प्रेरणा
जामताड़ा। झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में जिले के आउटडोर स्टेडियम में गुरुवार को दो दिवसीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत गीत और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की बैंड पार्टी के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुई। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई गई तथा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और टॉस के बाद किक लगाकर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और टीम वर्क ही सफलता की कुंजी है। खिलाड़ियों को सकारात्मक सोच के साथ खेल भावना के अनुरूप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने तथा विद्यालय, प्रखंड और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कोचों से खिलाड़ियों को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण देने और उनमें टीम भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों की अंडर-15 बालक तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और स्कूली प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।








