एलपीजी गैस सब्सिडी चालू कराने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
जामताड़ा: पुलिस ने एलपीजी गैस सब्सिडी बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने बागडेहरी थाना क्षेत्र के ग्राम सुद्राक्षीपुर में कार्रवाई करते हुए विश्वजीत सरदार (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय सोयलेन सरदार, को उसके घर से साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया। इसके अलावा बागडेहरी-मुड़ाबेड़िया ग्रामीण सड़क स्थित पुल के पास छापेमारी के दौरान एक अन्य साइबर अपराधी को भी निरुद्ध किया गया।
इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 42/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड तथा एक आधार कार्ड बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को एलपीजी गैस सब्सिडी बंद होने का झांसा देकर उसे पुनः चालू कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करते थे।
छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना के थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार तथा रिजर्व गार्ड के आरक्षी एवं हवलदार शामिल थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।








