नजारत शाखा की समीक्षा, कार्यों में पारदर्शिता और नियमों के पालन पर जोर
जामताड़ा। उपायुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में नजारत शाखा की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नजारत शाखा के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित कार्यालयों में स्वीकृत एवं रिक्त पदों, पदस्थापित कर्मियों की स्थिति, आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों, परिसदन भवन के संचालन तथा विभिन्न मदों में प्राप्त राशि के व्यय की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित नियमों एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में आउटसोर्सिंग कर्मियों की चयन प्रक्रिया, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, वेतन भुगतान एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की भी गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने, वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा समयबद्ध तरीके से लंबित कार्यों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








