पूर्व विधायक प्रत्याशी ने भरा एन्यूमरेशन प्रपत्र, मतदाताओं से समय पर फॉर्म जमा करने की अपील
जामताड़ा। नाला विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं ह्यूमन राइट एंड जस्टिस मूवमेंट के झारखंड प्रदेश सचिव शांति गोपाल महतो ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपना तथा अपने परिवार का एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की।
शांति गोपाल महतो ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला जागरूक मतदाता होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अंतिम तिथि से पहले अपना एन्यूमरेशन फॉर्म सही जानकारी के साथ भरकर जमा करें और बीएलओ से हस्ताक्षर एवं मुहरयुक्त पावती अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने लोगों से अपने परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और पड़ोसियों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील की। उनका कहना था कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि नाला विधानसभा क्षेत्र के मतदाता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बढ़-चढ़कर इस अभियान में भाग लेंगे और समय पर अपना गणना प्रपत्र जमा करेंगे।








