मिहिजाम में जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की समीक्षा
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में नगर परिषद मिहिजाम सभागार में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सीएलडब्ल्यू, आरपीएफ प्रतिनिधियों एवं स्थानीय थाना प्रभारी के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहरी क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, विकास योजनाओं की प्रगति तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में मिहिजाम के लोगों की सुविधा को देखते हुए गेट नंबर-2 से दोपहिया वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चिरेका प्रशासन से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, स्पीड ब्रेकर सहित आवश्यक इंतजाम करने पर भी बल दिया गया। हांसीपहाड़ी क्षेत्र में जलापूर्ति योजना के क्रियान्वयन में रेलवे की एनओसी से जुड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक पत्राचार और लगातार फॉलोअप करने का निर्देश दिया गया।
रेलवे स्टेशन से गेट नंबर-1 तक सड़क अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने, नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। बैठक के बाद उपायुक्त ने आम लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।








