सरकारी योजनाओं का निरीक्षण, अधिकारियों ने परखी विकास कार्यों की हकीकत
जामताड़ा: जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि ने कुंडहित पंचायत में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय, जेएसएलपीएस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय, आदिम जनजाति आवासीय बालक उत्क्रमित उच्च विद्यालय एवं सामुदायिक पुस्तकालय सहित अन्य संस्थानों का जायजा लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्नेक बाइट की दवाओं, लेबर रूम, वार्डों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उजाला मुर्मू ने चिकित्सक व नर्सों के लिए आवासीय क्वार्टर तथा अस्पताल तक पीसीसी सड़क निर्माण की मांग रखी।सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय में कक्षाओं, शिक्षकों की उपस्थिति एवं स्वच्छता का निरीक्षण किया गया। वहीं आदिम जनजाति आवासीय बालक उत्क्रमित उच्च विद्यालय में छात्रों के भोजन, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और जहां भी कमियां मिलेंगी, उनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रमेश कुमार वैद्य, बीपीआरओ परमेश्वर रजक,, 15वें वित्त आयोग के प्रखंड समन्वयक अनूप मंडल, ऑपरेटर देबराज तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।








