सीपीआई जिला कमेटी की बैठक में दिल्ली महारैली व पदयात्रा अभियान का निर्णय
जामताड़ा। नाला पीडब्ल्यूडी परिसर में रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की जामताड़ा जिला कमेटी की बैठक महादेव हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय परिषद सदस्य कन्हाई माल पहाड़िया, पशुपति कोल, जिला सचिव गौर रवानी तथा सहायक सचिव मिहिर मंडल सहित जिला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा तथा किसानों और मेहनतकश लोगों के मुद्दों को लेकर आगामी 1 सितंबर को दिल्ली में विशाल महारैली और जनसभा आयोजित की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत 5 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के गांव-गांव में पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान राज्य सरकार से भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, अफसरशाही पर नियंत्रण, बेरोजगारी दूर करने, किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने, कृषि ऋण की समस्याओं के समाधान तथा अजय बराज नहर-कैनाल में सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग उठाई जाएगी।
बैठक में 8 अगस्त को पूर्व विधायक डॉ. विशेश्वर खान की 12वीं पुण्यतिथि पर लाईकापुर गांव में स्मरण सभा आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में बलराम राय, विमल कांत घोष, सुरेश राय, कालीपद, रंजीत मरांडी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।








