फतेहपुर प्रीमियर लीग में बनगड़ी बनी चैंपियन, फतेहपुर रही उपविजेता
जामताड़ा। फतेहपुर प्रीमियर लीग की ओर से फतेहपुर हाई स्कूल मैदान में एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बनगड़ी की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि फतेहपुर की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ आपसी भाईचारा और खेल संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।
प्रतियोगिता के विजेता बनगड़ी की टीम को 3,000 रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता फतेहपुर की टीम को 2,000 रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर गोविंद साव, विवेक कुमार, अलादीन अंसारी, देव कुमार मंडल, आयुव अंसारी, सुमित कुमार, अर्णव कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।








