आकांक्षी प्रखंडों के विकास कार्यों की समीक्षा, कमजोर संकेतकों में सुधार पर जोर
जामताड़ा: जिले के आकांक्षी प्रखंड करमाटांड़ और फतेहपुर में नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत विकास कार्यों की प्रगति को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत संरचना और वित्तीय समावेशन से जुड़े करीब 40 प्रमुख संकेतकों की समीक्षा की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें विशेष प्रयास करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही नीति आयोग के मानकों के अनुरूप विकास कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल, कृषि और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन की भी विस्तार से समीक्षा की गई। दोनों आकांक्षी प्रखंडों की डेल्टा रैंकिंग संतोषजनक नहीं रहने पर अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य कर रैंकिंग में सुधार लाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्रगति की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक 15 दिनों पर समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।








