लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन पर जोर, बैंकों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में सोमवार को लंबित नीलाम पत्र वादों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों एवं न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए इनके त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 4,007 नीलाम पत्र वाद दर्ज हैं। इनमें अब तक 351 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 3,602 मामले लंबित हैं। अंचल अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में बैंकों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने तथा अभिलेखों के मिलान में रुचि नहीं लेने के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है।
बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि नीलाम पत्र से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। यह भी कहा गया कि जिन मामलों में ऋणधारकों द्वारा राशि जमा की जा चुकी है, उनका समय पर फॉलोअप कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी मामले में बैंक की ओर से लगातार उदासीनता बरती जाती है तो नियमानुसार नोटिस जारी कर मामलों का निस्तारण किया जाए। साथ ही आवश्यक मामलों में समाचार पत्रों के माध्यम से विज्ञापन प्रकाशित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया तथा अन्य प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी प्रमाण पत्र समुचित जांच के बाद ही जारी किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग की संभावना न रहे।








