विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा शुरू, जागरूकता रथ रवाना
जामताड़ा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल परिसर में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। राज्य सरकार की थीम “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” के तहत 11 जुलाई से 10 अगस्त तक जिलेभर में परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही जागरूकता रथ गांव-गांव और पंचायतों तक पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं एवं परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी देगा तथा भ्रांतियों को दूर करेगा।
उपायुक्त ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए और अधिक से अधिक लोगों को परिवार नियोजन से जोड़ा जाए। कार्यक्रम के दौरान परिवार नियोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्य संस्थानों, एफपीबीटीटी एवं सहियाओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।








