झारखंड विधानसभा में CPA कार्यकारिणी की बैठक, केपटाउन सम्मेलन पर मंथन
निजाम खान
रांची। झारखंड विधानसभा में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) झारखंड शाखा की कार्यकारिणी समिति की बैठक विधानसभा अध्यक्ष एवं शाखा के सभापति रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में झारखंड से 13 से 19 सितंबर 2026 तक दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के 69वें सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधिमंडल को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि सम्मेलन का आधिकारिक विषय “Strengthening International Law and Parliamentary Democracy in a Changing Global Order: The Commonwealth’s Leadership” रखा गया है। इस विषय के तहत संसदीय लोकतंत्र, विधि का शासन, संवैधानिक मूल्यों तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। सम्मेलन में राष्ट्रमंडल देशों के सांसद लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने और समकालीन वैश्विक चुनौतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।
बैठक में मथुरा प्रसाद महतो, दशरथ गागराई, प्रकाश राम, डॉ. नीरा यादव और ममता देवी ने भाग लिया। इसके अलावा विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में झारखंड के प्रतिनिधिमंडल की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने और सम्मेलन में राज्य का पक्ष मजबूती से रखने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।








