नशा मुक्ति अभियान: मध्य विद्यालय लाइकापुर में स्कूली बच्चों को दिलाई गई शपथ
निजाम खान
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के मध्य विद्यालय लाइकापुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापिका राखी धर , शिक्षक आनंद गोपाल और शिक्षिका नमिता मंडल ने छात्रों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक और सामाजिक हानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है, इसलिए इससे हमेशा दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को नशा नहीं करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता संदेश भी दिए गए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शिक्षा पर ध्यान देने और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।








