कुंडहित से डिजिटल कृषि रथ रवाना, तीन दिनों तक गांव-गांव पहुंचेगी कृषि योजनाओं की जानकारी
जामताड़ा : जिले के कुंडहित प्रखंड मुख्यालय से डिजिटल कृषि रथ को प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंडहित एवं उप परियोजना निदेशक आत्मा, संजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी तीन दिनों तक पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार प्रखंड की सभी पंचायतों और गांवों का भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य किसानों तक कृषि, आत्मा, उद्यान एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाना है।
भ्रमण के दौरान डिजिटल कृषि रथ किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं, अनुदान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी ऑडियो-वीडियो माध्यम से उपलब्ध कराएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को भी योजनाओं का लाभ उठाने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पहले दिन रथ ने कुंडहित, बाबूपुर, बनकटी, पलाजोरी और गरजोरी पंचायत के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान किसानों को विभागीय योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया तथा कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा की गईं।
कार्यक्रम में बीटीएम सुजीत कुमार सिंह, बीएओ मनोरंजन मिर्धा, एटीएम अमीर हेंब्रम, सभी कृषक मित्र तथा प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने की अपील की।








