विश्व आदिवासी दिवस पर वन पट्टा वितरण की तैयारी तेज, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश
जामताड़ा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पात्र लाभुकों के बीच व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन पट्टा वितरण की तैयारियों को लेकर आईटीडीए कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परियोजना निदेशक, समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) जुगनू मिंज ने की। बैठक में वन पट्टा से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन, लाभुकों के सत्यापन तथा वितरण की कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में परियोजना निदेशक ने अंचलवार लंबित व्यक्तिगत वन पट्टा मामलों और नए दावों का नियमानुसार निष्पादन कर एक सप्ताह के भीतर स्वीकृति के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को भेजने का निर्देश दिया। साथ ही वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार पात्र ग्रामों में ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित कर सामुदायिक वन पट्टा प्रस्तावों की अनुशंसा समय पर उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पात्र लाभुकों को वन अधिकारों का लाभ मिल सके। बैठक में वन पट्टा वितरण की तैयारियों को अंतिम रूप देने और सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।








