मध्य विद्यालय सटकी में विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण
निजाम खान
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय सटकी में राज्य सरकार की छात्र कल्याण योजना के तहत स्कूली विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर दूर-दराज़ से आने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा उन्हें नियमित रूप से शिक्षा से जोड़कर रखना है।
कार्यक्रम के दौरान पात्र विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक देबीदास गोराई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी, समय की बचत होगी तथा वे नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्यन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
मौके पर सहायक अध्यापक निर्मल मलिक, सहायक अध्यापक बप्पा दित्य मंडल तथा आईसीटी प्रशिक्षक मोहम्मद अज़हरुद्दीन सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए साइकिलों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों और शिक्षकों के उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ। साइकिल प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ़ झलक रही थी। उन्होंने सरकार और विद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने तथा बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।








