गोड्डा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और इनके प्रभावी नियंत्रण को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन, तस्करी और अवैध खेती के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में स्थित दुकानों की नियमित जांच कराने तथा श्रावणी मेला को देखते हुए अंतर्राज्यीय सीमाओं पर अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन केवल कानूनी कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज और सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। 1 से 15 अगस्त तक जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









