राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के दौरान बासुकीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार टेंट सिटी का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने टेंट सिटी का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां लगभग 5 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की क्षमता विकसित की गई है। टेंट सिटी में बेड, डिस्पोजेबल बेडशीट, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर, बिजली और पर्याप्त रोशनी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्वच्छता और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। गर्मी और बारिश को देखते हुए टेंट में आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर ठहराव उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ के दर्शन और जलार्पण के साथ सुखद अनुभव लेकर अपने घर लौटें।









