दुमका के बासुकीनाथ धाम में वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। समारोह में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का महापर्व है। श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों को मिलकर कार्य करने की अपील की गई।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए लगभग 3,000 पुलिसकर्मी, 700 मजिस्ट्रेट, 150 चिकित्सक और 20 एंबुलेंस तैनात किए गए हैं। लगभग 200 स्थायी शौचालय, 20 हजार वाहनों की पार्किंग, 5 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाली टेंट सिटी, स्वच्छ पेयजल, ऑक्सीजन युक्त स्वास्थ्य सेवाएं तथा सीसीटीवी और एआई आधारित निगरानी की व्यवस्था की गई है।
श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए, जिनमें कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।









