फतेहपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा फतेहपुर मंडल अध्यक्ष संजय मंडल ने की। इस अवसर पर फतेहपुर स्थित श्री श्री 108 नदी धाम महादेव मंदिर के पुजारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
देर शाम मुरीडीह स्थित शिव मंदिर प्रांगण में भक्तों और बोलबम कांवरियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव, भजन-कीर्तन एवं आरती के साथ संत रविदास का जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में “समरसता संकल्प अभियान” का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा से हुआ है, जो माघी पूर्णिमा तक सात माह तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली से 11 पवित्र कलशों से सुसज्जित रथ झारखंड पहुंचेगा। रांची के पहाड़ी मंदिर में पूजन के बाद यह रथ राज्य के सभी जिलों और मंडलों का भ्रमण करेगा। प्रत्येक स्थान पर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, समानता और मानव एकता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।









