जामताड़ा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएमएफटी और सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रगति और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने डीएमएफटी मद से प्राप्त राशि और उससे संचालित विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही डीएमएफटी फंड का ऑडिट कराने, संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। पुलिस लाइन तक स्ट्रीट लाइट लगाने सहित कई नए प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
सीएसआर मद की समीक्षा के दौरान सदर अस्पताल में डायलिसिस मशीन की खरीद, टीबी मरीजों के लिए नियमित फूड बास्केट, पुलिस विभाग को एएनपीआर कैमरे उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव, सोलर लाइट, मिहिजाम थाना में शौचालय निर्माण, विद्यालयों के लिए पुस्तकें, डिजिटल लाइब्रेरी हेतु कंप्यूटर और आईटी सामग्री उपलब्ध कराने समेत कई प्रस्तावों पर आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित संस्थानों और बैंकों को सीएसआर दायित्वों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने तथा सभी स्वीकृत योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।








