कृषि सीजन के दौरान किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए गोड्डा जिला प्रशासन ने पूरे जिले में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को उर्वरक दुकानों, भंडारण स्थलों और स्टॉक की सघन जांच करने का आदेश दिया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार जून 2025 की तुलना में जिले में यूरिया की बिक्री में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है। इसे देखते हुए संभावित कालाबाजारी और अनियमित बिक्री की आशंका के मद्देनजर औचक निरीक्षण किए जाएंगे। जांच के दौरान उर्वरक दुकानों के स्टॉक, बिक्री पंजी, भंडारण व्यवस्था, ई-पॉस मशीन की उपलब्धता, मूल्य सूची, ऑनलाइन स्टॉक, क्रय-विक्रय अभिलेख और वित्तीय लेन-देन सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच होगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी, अवैध भंडारण, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों से केवल अधिकृत विक्रेताओं से ई-पॉस मशीन के माध्यम से उर्वरक खरीदने और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।









