दुमका सदर प्रखंड परिसर में ‘झारफल’ कटहल प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में विधायक बसंत सोरेन और उपायुक्त अभिजीत सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संथाल परगना महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ओर से संचालित इस यूनिट का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्थायी आजीविका उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में बताया गया कि यूनिट के माध्यम से महिलाओं को कटहल प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग और विपणन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कटहल को ‘झारफल’ ब्रांड के तहत बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जेएसएलपीएस की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) ऋण योजना के तहत पांच सखी मंडलों की महिलाओं को टोटो (ई-रिक्शा) की चाबियां भी सौंपी गईं, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकें।
कार्यक्रम के बाद आयोजित जनता दरबार सह जनसंवाद में विधायक बसंत सोरेन ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।









