राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 की पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष कार्ययोजना के तहत सफाई कर्मियों की शिफ्टवार प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि चौबीसों घंटे सफाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मंदिर परिसर, श्रद्धालु मार्ग, शिवगंगा, टेंट सिटी, पार्किंग स्थल, कतारबद्ध मार्ग, विश्राम स्थलों और मेला क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थानों पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। बढ़ती भीड़ के बावजूद स्वच्छता प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों को अलग-अलग शिफ्ट में तैनात किया गया है।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि दिन और रात लगातार सफाई अभियान जारी रखा जाए। कचरे का नियमित उठाव, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं। संबंधित अधिकारी भी लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि कहीं भी गंदगी या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं। इसी उद्देश्य से पूरी मेला अवधि के दौरान सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद वातावरण में बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण का अवसर मिल सके।









